प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण के लिए वीरवार को जम्मू कश्मीर के दौरे पर हैं। श्रीनगर और कटरा में रैली की। पीएम मोदी ने कटरा रैली में कहा कि मोदी आज कांग्रेस-नेशनल कांफ्रेंस को डंके की चोट पर कह रहा है। हम जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान के एजेंडे को लागू नहीं होने देंगे। दुनिया की कोई ताकत जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 की वापसी नहीं करा सकती। जम्मू कश्मीर को और बुलंद बनाना है- पीएम मोदी कटरा रैली में पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हम दिल और दिल्ली की दूरी को मिटा रहे हैं। ये चुनाव, जम्मू-कश्मीर का भविष्य चुनने के लिए है। नए जम्मू कश्मीर को और बुलंद बनाने के लिए है। कांग्रेस, पीडीपी और नेशनल कांफ्रेंस के जिन तीन खानदानों ने इस क्षेत्र को सालों-साल घाव दिए, उनकी राजनीतिक विरासत का सूर्य आपको अस्त करना ही होगा। इसके लिए आपको कमल के निशान को चुनना होगा। ये भाजपा ही है जो आपके हितों को प्राथमिकता देती है। ये भाजपा ही है जिसने आपके साथ दशकों से चले आ रहे भेदभाव को खत्म किया है।