भारतीय महिला कांग्रेस का रविवार 15 सितंबर 2024 को 40 वां स्थापना दिवस मनाया जायेगा। यह स्थापना दिवस मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस हर्ष और उल्लास के साथ मनाएगी। साथ ही इस दिन महिला कांग्रेस संगठन की नई वेबसाइट लॉच की जाएगी और महिला कांग्रेस द्वारा सदस्यता अभियान की भी शुरुआत होगी। यह जानकारी शनिवार को पीसीसी भोपाल में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की समन्वयक मप्र प्रभारी सुनीता गावंडे और मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल ने संयुक्त पत्रकार वार्ता दी।
नारी न्याय और महिला सशक्तिकरण का लेंगे संकल्प: विभा पटेल ने कहा कि महिला कांग्रेस के स्थापना दिवस के सुअवसर पर महिला कांग्रेस नेत्रियों द्वारा नारी न्याय और महिला सशक्तिकरण का संकल्प दोहराया जाएगा। यह महिला कांग्रेस की वचनबद्धता है। अभा महिला कांग्रेस के निर्देश पर प्रत्येक राज्य, केन्द्र शासित प्रदेश, सहित महिला कांग्रेस मुख्यालयों से लेकर सभी जिला एवं ब्लाक अध्यक्षों, कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा 40 वां स्थापना दिवस मनाएंगे। विभा पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश महिला की तमाम पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, जिला एवं ब्लाक की पदाधिकारी, सदस्य महिलाओं के खिलाफ भेदभाव को दूर करने और महिलाओं के अधिकारों को बनाए रखने और आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराएगी। विभा पटेल ने कहा कि इस मौके पर संविधान का (106वां) संशोधन अधिनियम जो महिलाओं के प्रति भाजपा के विश्वासघात का प्रतीक है। इस संशोधन अधिनियम में कुटिल प्रावधान हैं, जो लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में सीटों के आरक्षण को 2029 के बाद ही लागू होंगे। महिला कांग्रेस इन कुटिल प्रावधानों को हटाने और संशोधन अधिनियम को तुरंत लागू करने की मांग करेगी।