बदनावर। ग्राम पंचायत खेडा के युवा सरपंच योगेेश मुकाती की ओर से मातृशक्ति कावड़ यात्रा आज सुबह नागेश्वर महादेव मंदिर से बैजनाथ महादेव मंदिर तक धूमधाम से निकाली गई। खेड़ा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में आई महिलाओं ने भाग लिया।
सुबह नागेश्वर महादेव मंदिर में पूजन के बाद यात्रा की शुरुआत हुई। करीब 7 किलोमीटर की यात्रा बदनावर नगर से होती हुई दोपहर में बैजनाथ महादेव मंदिर पहुंची। जहां भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया। आरती के बाद समापन हुआ।
यात्रा मार्ग में तारक मेहता का उल्टा चश्मा के हास्य कलाकार बाघा व बावरी कावड़ यात्रा का आकर्षण रहे। कावड़ यात्रियों बीच मालवी में हास्य व्यंग्य के कलाकार राजूू सेठ व गोपाल दा आकर्षण का केंद्र रहे। डीजे, नासिक के ढोल एवं भगोरिया नृत्य करने वाले कलाकारो ने अपना कला कौशल दिखाया। रंजीत भाई इंदौरी ने भी मनोरंजन किया। बैंड बाजों से धार्मिक व भक्ति गीतों की धुन बजाई गई। जोरदार आतिशबाजी की गई। नगर में कई जगह विभिन्न संस्थाओं ने पुष्प वर्षा कर महिलाओं का स्वागत किया।
यात्रा की तैयारी में कार्यकर्ता कई दिनों से लगे हुए थे। मार्ग में आने वाले तमाम छोटे बड़े मंदिरों पर रात में रंगारंग विद्युत रोशनी की गई। नागेश्वर मंदिर एवं बैजनाथ मंदिर के बाहर आकर्षक सजावट की गई। यात्रा निकालने का यह दूसरा वर्ष था।