नीमच: मप्र शासन द्वारा 5 से 16 जून तक जल स्त्रोंतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन हेतु संचालित जल गंगा संवर्द्धन अभियान के तहत नगर पालिका द्वारा नपाध्यक्ष स्वाति चौपड़ा के मार्गदर्शन व प्रभारी सीएमओ चंद्रसिंह धार्वे के नेतृत्व में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की। अभियान के अंतिम दिन रविवार को किलेश्वर मंदिर प्रांगण में शाम 5 बजे से अभियान का समापन समारोह आयोजित किया। जिसमें सर्वप्रथम किलेश्वर मंदिर घाट की सफाई नपा कर्मचारियों ने की। इसके पश्चात कलश यात्रा तथा चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार वितरण, अभियान में श्रमदान करने वाले श्रमदानियों का सम्मान मंदिर परिसर में आयोजित किया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में विधायक दिलीपसिंह परिहार, नपाध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, कलेक्टर दिनेश जैन, एसपी अंकित जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ गुरूप्रसाद, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, भाजपा नेता हेमंत हरित, नपा सभापति छाया जायसवाल, वंदना खंडेलवाल व किलेश्वर मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा (पहलवान) मंचासीन थे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी एलईडी स्क्रीन पर दिखाया। कार्यक्रम के अंत में सभी को जलस्त्रोतों के संवर्द्धन एवं संरक्षण की शपथ दिलाई।