दिल्ली: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश की 93 सीटों पर मतदान हो रहा है। आज गुजरात की 25, उत्तर प्रदेश की 10, महाराष्ट्र की 11, कर्नाटक की 14 सीटों समेत कुल 93 सीटों पर मतदान हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की अपील की। इसके बाद पीएम ने अहमदाबाद के निशान हायर सेकेंडरी स्कूल में मताधिकार का प्रयोग किया। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह भी गुजरात के अलग-अलग केंद्रों पर वोट डालेंगे। महाराष्ट्र के बारामती से राकांपा (शरद पवार) से उम्मीदवार सुप्रिया सुले और पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने मतदान किया। एनडीए की तरफ से राकांपा की सुनेत्रा पवार को इस सीट से मैदान में उतारा गया है। वोट डालने के बाद मंदिर पहुंचे अमित शाह : केंद्रीय गृह मंत्री और गांधीनगर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अमित शाह ने वोट डालने के बाद नारणपुरा स्थित कामेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने परिवार के सदस्यों के साथ गुजरात के अहमदाबाद में एक मतदान केंद्र पर कतार में लगकर वोट डालने के लिए अपनी बारी का इंतजार किया। वोटिंग के बाद उन्होंने पत्नी के साथ फोटो भी खिंचाई। केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह गांधीनगर लोकसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने अपनी पार्टी सचिव सोनल पटेल को गांधीनगर से मैदान में उतारा है।