उज्जैन: सेवानिवृत्त अधिकारी को तीन बदमाशों ने डॉलर नोट का झांसा देकर 4 लाख रुपये ठग लिए। बदमाश सात दिनों से अपना जाल बिछा रहे थे। उन्होंने 20 रुपये के बदले एक डॉलर भी दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बदमाशों की तलाश में सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे है
देवास के आदिम जाति कल्याण विभाग में पदस्थ रह चुके सेवानिवृत्त अधिकारी हरिनारायण पिता पन्नालाल, निवासी शंकरगढ़, बालगढ़, देवास, नानाखेड़ा बस स्टैंड पहुंचे थे। जहां उन्हें सात दिन पहले मिले मिलन घोष और अजय ने मिलने के लिए बुलाया था। दोनों के साथ एक अन्य साथी भी था। तीनों ने 6,000 के डॉलर नोट देने के बदले सेवानिवृत्त अधिकारी से 4 लाख रुपये से भरा बैग लिया और उनके पास डॉलर नोटों का बैग थमाकर भाग निकले। हरिनारायण ने उनके जाने के बाद बैग खोला तो उसमें कागज की गड्डियां भरी हुई पाईं। अपने साथ 4 लाख की ठगी होने पर उन्होंने नानाखेड़ा थाने पहुंचकर घटनाक्रम बताया। पुलिस ने रात में ही बदमाशों के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया और तलाश शुरू की। अब तक बदमाशों का कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस बस स्टैंड क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे भी देख रही है, लेकिन कहीं भी बदमाशों का मूवमेंट दिखाई नहीं दिया है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश प्रदेश के बाहर से आए थे।