देश में लगातार पिछले कई दिनों से विमानों और होटलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल रही है। इसी बीच आंध्र प्रदेश के तिरुपति में इस्कॉन मंदिर को उड़ाने की धमकी दी गई है, जिससे पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। अधिकारियों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ कड़ाई भी कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, 27 अक्टूबर की रात उन्हें एक ईमेल आया। जिसमें यह दावा किया गया है कि पाकिस्तान के ISI से जुड़े आतंकवादी मंदिर को बम से उड़ा देंगे। इस दौरान यह भी बताया गया कि इस्कॉन मंदिर में बम रखा है। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गए।
इस खबर से मंदिर के आसपास और श्रद्धालुओं में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि, पुलिस की टीम द्वारा मोर्चों को बहुत अच्छे से संभाल लिया गया है। फिलहाल, मौके पर फायर ब्रिगेड, पुलिस की टीम, बम और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौजूद हैं। जिन्होंने मंदिर का कोने-कोने को खंगाला है। तलाशी अभियान के दौरान भगवान की कृपा से मंदिर में कोई भी विस्फोटक या आपत्तिजनक चीज बरामद नहीं हुई है। जिसकी जांच पड़ताल पूरी करने के बाद पुलिस ने इस धमकी को फर्जी बताया है। साथ ही ईमेल आईडी को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। इसमें साइबर सेल की टीम द्वारा मदद ली जा रही है।