पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बताया, ‘हमारी नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार चक्रवात के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई।’ एनडीआरएफ के डीजी बोले- बड़े नुकसान की खबर नहीं NDRF DIG मोहसिन शाहिदी ने चक्रवात ‘दाना’ पर बताया, ‘आधी रात से शुरू हुई लैंडफॉल प्रक्रिया सुबह साढ़े आठ बजे खत्म हुई। यह चक्रवाती तूफान में बदल गया है और अगले 6 घंटों में गहरे दबाव में बदल जाएगा। फिलहाल, किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। कुछ जगहों पर पेड़ गिरने और जलभराव की खबरें हैं। फिलहाल ओडिशा और पश्चिम बंगाल में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। जहां तक झारखंड और आंध्र प्रदेश की बात है, वहां इसका कोई खास असर नहीं है।’
तूफान के चलते तेज बारिश, आंधी और समुद्र में उठ रहीं ऊंची लहरे: चक्रवात दाना के कारण ओडिशा के धामरा, भद्रक में समुद्र में ऊंची लहरें, तेज़ हवाएं और बारिश देखी गईं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के अनुसार अब तक लगभग 5.84 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।चक्रवात दाना से जुड़ी ताजा जानकारी में मौसम विभाग ने बताया कि भीषण चक्रवाती तूफान ‘दाना’ 10 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ रहा है। आज तड़के 05.30 बजे यह ओडिशा के धामरा से लगभग 20 किमी उत्तर-उत्तरपश्चिम और भितरकनिका के हबलीखाटी नेचर कैंप से 40 किमी उत्तर-उत्तरपश्चिम में रहा।फिलहाल चक्रवात उत्तरी तटीय ओडिशा के ऊपर केंद्रित है। तट से टकराने की प्रक्रिया जारी है। चक्रवात के लैंडफॉल की प्रक्रिया अगले 1-2 घंटों तक जारी रहेगी। तूफान उत्तर ओडिशा में लगभग पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। 25 अक्तूबर की दोपहर तक दाना ‘गंभीर’ श्रेणी से हटकर धीरे-धीरे चक्रवाती तूफान में बदलकर कमजोर होगा, इसकी पूरी संभावना है।