जिले के ब्योहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमोडी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चौथी में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ स्कूल के शिक्षक द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पिता ने छात्रा को थाने ले जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है।
ब्योहारी थाना क्षेत्र के ग्राम जमोडी के रहने वाली कक्षा चौथी की 9 वर्षीय छात्रा प्रतिदिन की तरह स्कूल गई थी, जहां वह कक्षा से बिना शिक्षक को बताए बाहर चली गई और कुछ देर बाद वापस आ गई। इस बात से शिक्षक रामरसीले पनिका काफी नाराज हो गए, जिसके बाद शिक्षक ने छात्रा को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। पुलिस ने पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
मंगलवार की सुबह शिक्षा विभाग के अधिकारी भी छात्रा के पास पहुंचे। परिजनों ने बताया कि थाने में शिकायत के साथ-साथ उन्होंने इसकी जानकारी शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दी थी।
घटना के संबंध में थाना प्रभारी अरुण पाण्डेय से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूल के एक शिक्षक के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर जांच कराई जा रही है। छात्रा के अनुसार उसका पेट खराब होने के कारण वह जल्दबाजी में कक्षा से कुछ देर के लिए बाहर चली गई थी और वापस कक्षा में आने के बाद शिक्षक ने बिना बताए जाने के लिए उसे थप्पड़ मार दिया।