मन्दसौर जिले क़े चंदवासा चौकी क्षेत्र के हतई में खाद्य विभाग अधिकारी श्यामसिंह रावत की टीम और चंदवासा पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए राधा कृष्ण दूध डेयरी पर नकली दूध व घी बनाने के मामले में दबिश दी l पंकज राठौर की दुकान पर कार्रवाई के दौरान लेक्टोस पाउडर के कट्टे पकड़े गए जिनसे नकली दूध बनाकर शामगढ़ एवं आसपास के क्षत्र में बेचा जाता था। पंकज राठौर निवासी हतई की दुकान पर खाद्य विभाग की टीम द्वारा कार्रवाई की गई। यहां से खाद्य विभाग टीम द्वारा दूध व मिल्क पावडर का सेम्पल लिया और जाँच हेतु प्रयोगशाला मे भेजा गया। जांच मे मिथ्याछाप व अमानक पाए जाने पर एडीएम न्यायालय द्वारा पंकज पिता लक्ष्मीनारायण राठौर पर रूपये 1 लाख का अर्थ दंड लगाया है। उल्लेखनीय यह भी की पिछले साल हुई खाद्य विभाग की कार्यवाही क़े बाद शामगढ़ गरोठ क्षेत्र में फिलहाल नकली दूध और नकली मावे सहित नकली घी की भरमार है। खाद्य विभाग की सुस्ती उड़ने का नाम नहीं ले रही है। सूत्र बताते है की पास के गांव से नकली दूध बनाकर शामगढ़ में सप्लाई हो रहा है। पास के गांव आकली में मिठाई का कारखाना बना हुआ है। गांव से चार पहिया वाहन से मिठाई शामगढ़ गरोठ सुवासरा आती है और मिठाई की दुकानों पर बेच दी जाती है। मिठाई ना बिकने पर 8 दिन में मिठाई वापसी भी कर ली जाती है। फिर से इस मिठाई को अलटा पलटा बनाकर दुकानदारों को सप्लाई कर दी जाती है। शामगढ़ में कई दूध डेयरी खुल चुकी है। दूध डेयरी संचालक सालाना वसूली देकर खुलेआम नकली दूध बेच रहे हैं। खाद्य विभाग की टीम गांव खेड़े में जाकर नकली दूध और पाउडर पकड़ लेती है लेकिन शामगढ़ गरोठ सुवासरा नगर मे नकली दूध पकड़ने का समय खाद्य विभाग के पास नहीं है। क्षेत्र में मिलावटखोरो ने खाध्य विभाग का मजाक बनाया हुआ है। आमजन की सेहत के साथ खिलवाड़ हो रहा है और जनप्रतिनिधि भी चुप्पी साधे हुए हैं।