भोपाल: प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा कांग्रेस संगठन से जुड़े एनएसयूआई एवं युवक कांग्रेस के नए अध्यक्ष बनाए जा रहे हैं । प्रदेश कांग्रेस के विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार मध्य प्रदेश में कांग्रेस संगठन में मजबूती के लिए नए प्रयोग प्रारंभ हो गए हैं । जल्द ही संगठन में बड़े फेरबदल देखने को मिलेंगे । संगठन में बदलाव के जो फैसले हुए है उसमें सेवादल में नए जिला अध्यक्ष बनाए जायेंगे, वहीं युवा विंग में परिवर्तन की पूरी पूरी संभावना है ।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी युवाओं को कांग्रेस से अधिक से अधिक जोड़ने के लिए यह कदम उठा लिया है । ऐसे में पूरे प्रदेश में नए युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष बनाए जा रहे हैं और इसके लिए जिला कांग्रेस अध्यक्षों को सतर्क किया गया है । प्रदेश स्तर से उन्हें कहा गया है कि नए ऊर्जावान युवाओं को कांग्रेस में जोड़ने का अभियान प्रारंभ करें । इसी के मद्देनजर नीमच जिले के युवाओं में हलचल मची हुई है । युवक कांग्रेस और एनएसयूआई में पूर्व जो प्रयोग किए गए थे वह फैल रहे इसलिए अब सीधे ऊर्जावान युवाओं को पार्टी के प्लेटफार्म पर लाया जाएगा । पूरे प्रदेश में यह अभियान शीघ्र मूर्त रूप लेने जा रहा है । इसके बेहतर परिणाम आपको जिला स्तर पर भी कांग्रेस संगठन में देखने को मिलेंगे ।
युवाओं में कांग्रेस संगठन से जुड़ने और नए जोश के साथ काम करने का उत्साह दिख रहा है । नीमच और ग्रामीण क्षेत्र के कई युवा इन पदों की दौड़ में अपनी टीम के साथ सक्रिय होते दिख रहे हैं । अपने-अपने आकाओं पर दबाव भी बना रहे हैं कि कैसे भी संगठन में उन्हें स्थान मिल जाए । केन्द्रीय स्तर पर कांग्रेस के बढ़ती एक्टिविटी और राहुल गांधी के नए रूप में आने के बाद प्रदेश कांग्रेस में युवाओं को आशा की नई किरण दिख रही है ।