OMG : वेबसाइट पर OTP दर्ज किया तो महिला के खाते से उड़ गए 13 लाख रुपये,……

Spread the love

शहडोल: जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में एक 29 वर्षीय महिला के बैंक खाते से एक अज्ञात ठग ने करीब 13 लाख रुपये की ठगी कर ली। यह धोखाधड़ी किसी मोबाइल ऐप या वेबसाइट के माध्यम से की गई। पीड़ित महिला ने जब अपने खाते से इतनी बड़ी राशि गायब होते देखी, तो उसने तुरंत ब्यौहारी थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात जालसाज के खिलाफ आईपीसी की धारा 318(4) बी एन एस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित महिला के पति की कुछ समय पहले मृत्यु हो चुकी है, और वह अपने बच्चे के साथ ब्यौहारी में किराए के मकान में रहती है। जानकारी के अनुसार, महिला के ससुर ने सेवानिवृत्ति के बाद अपने सभी पुत्रों को कुछ राशि दी थी, जिसमें से एक हिस्सा महिला के पति को मिला था। पति की मृत्यु के बाद यह धनराशि महिला के बैंक खाते में जमा थी। हाल ही में, एक जालसाज ने किसी वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से महिला का ओटीपी लेकर उसके खाते से 12 लाख 85 हजार रुपये उड़ा लिए।

जब महिला को पता चला कि उसके सारे पैसे ठगी के शिकार हो गए हैं, तो वह स्तब्ध रह गई, क्योंकि यह राशि उसके और उसके बच्चे के भरण-पोषण का एकमात्र साधन थी। घटना के बाद से महिला सदमे में है और समझ नहीं पा रही कि पति की मृत्यु के बाद अब पैसे भी चले गए हैं, तो वह अपने परिवार का पालन-पोषण कैसे करेगी। किसी तरह साहस जुटाकर उसने थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।

थाना प्रभारी अरुण पांडेय ने कहा कि महिला के साथ मोबाइल ऐप या वेबसाइट के जरिए ठगी की गई है। अज्ञात जालसाज के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि किसी भी तरह महिला की ठगी गई राशि उसे वापस दिलाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *