बदनावर। विधायक भंवर सिंह शेखावत ने कल कृषि उपज मंडी एवं जनपद पंचायत में बैठक लेकर विभिन्न समस्याओं एवं मांगों पर जिम्मेदारों से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में व्यापारियों एवं अन्य लोगों ने अपनी समस्याएं बताई। विधायक ने मंडी विकास के लिए मंजूर की गई योजनाओं को जल्दी क्रियान्वित करवाने का निर्देश दिया। बताया कि मंडी में अनाज चोरी रोकने के लिए समुचित प्रकाश व्यवस्था एवं गार्ड की संख्या बढ़ाने के लिए मंडी सचिव को निर्देश दिया। मंडी में तोल कांटे में चल रही गड़बड़ी एवं अवैध रूप से मंडी के बाहर तोल करने पर नाराजगी जताई। बैठक में विधायक प्रतिनिधि संदीप माहेश्वरी, जिमी बना, निर्मल वर्मा, घनश्यामसिंह डोडिया, कमलसिंह पटेल, अभिषेक मोदी, राजेंद्र जाट, अनूप जैन, राजेश राठौर आदि मौजूद थे। बाद में जनपद पंचायत में हुई बैठक में अनुविभागीय अधिकारी दीपक चौहान से राजस्व महा अभियान के बारे में जानकारी ली। बैठक में तहसीलदार सुरेश नागर भी मौजूद थे।