BADNAVAR NEWS: अगस्त में दो बड़ी कावड़ यात्राएं निकलेगी,…

Spread the love

बदनावर। सावन में भोले की भक्ति व कावड़ यात्रा निकालने का दौर शुरू हो जाएगा। इस साल भी यहां दो बड़ी कावड़ यात्राएं निकलेगी। एक यात्रा 5 व दूसरी 11 अगस्त को निकलेगी। इनकी तैयारी शुरू हो गई है।
श्रीउत्तम सेवा न्यास के तत्वावधान में धूमधाम से भव्य कावड़ यात्रा माही तट से बदनावर के बैजनाथ महादेव मंदिर तक निकाली जाएगी। इसे लेकर गांव तिलगारा में यात्रा संयोजक व भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज सोमानी की उपस्थिति में बैठक हुई। यात्रा को लेकर जिम्मेदारियां बांटी गई। यात्रा 5 अगस्त सोमवार को माही तट से सुबह 8 बजे शुरू होगी। पूजा के बाद कावड़ यात्री जल भर कर रवाना होंगे। कावड़ यात्रा भैंसोला चौपाटी, सेमलखेड़ा, लीलीखेड़ी, छायन फाटा, केंद्र फाटा समेत विभिन्न गांवों से होती हुई नागेश्वरधाम पहुंचेगी। यहां से नगर में प्रवेश करेगी। यात्रा का मार्ग में स्वागत मंच लगाकर स्वागत किया जाएगा।
यात्रा संयोजक सोमानी ने बताया कि यात्रा करीब 22 किमी का सफर तय करेगी। यात्रा में महिला व पुरुष शामिल रहेंगे। कावड़ यात्री महादेव का जलाभिषेक करेंगे। आयोजन का यह 18 वां साल है।

11 अगस्त को मुकाती निकालेंगे यात्रा: उधर एक अन्य कावड़ यात्रा 11 अगस्त को ग्राम पंचायत खेड़ा के सरपंच योगेश मुकाती द्वारा निकाली जाएगी।
मुकाती ने बताया कि कावड़ यात्रा नागेश्वर धाम से शुरू होगी। पवित्र कुंड से जल भरकर कावड़ यात्री रवाना होंगे। जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बैजनाथ महादेव मंदिर पहुंचेंगे। जहां भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *