ग्वालियर। भाजपा प्रत्याशी के रोड शो में डांस कर रहा समर्थक जलते पटाखों के बीच घिर गया। उसके कपड़ों ने आग पकड़ ली। ट्रैफिक पुलिस के जवान ने आतिशबाजी के बीच में जाकर उसे खींचा। उसके कपड़ों में लगी आग को बुझाया। मामला शुक्रवार देर रात ग्वालियर के उपनगर मुरार का है। इसका VIDEO सामने आया है। भाजपा लोकसभा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाहा के साथ मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी इस जनसंपर्क में शामिल थे। रोड शो के दौरान सड़क पर पटाखे चलाए जा रहे थे। कार्यकर्ता जोश में थे। इसी समय किसी ने सड़क पर एक हजार लड़ी वाला पटाखा (हजारा) चलाया। पटाखा चलते ही पास खड़ा समर्थक फंस गया था। घटना बारादरी चौराहा, सदर बाजार और अग्रसेन चौराहे के बीच की है।