भादवा माता में महाअष्टमी का हवन आज, मां के दरबार में पहुंचेंगे हजारों पदयात्री 

Spread the love

नीमच। (AP NEWS EXPRESS)

मालवा की वैष्णोदेवी के नाम से अपनी पहचान रखने वाले सुप्रसिद्ध आरोग्य तीर्थस्थल भादवामाता में शारदीय नवरात्रि के दौरान सातवें दिन तक हजारों श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना व दर्शन लाभ लेकर घर परिवार एवं अपने सुखद व निरोगी काया का आशीर्वाद लिया। महामाया भादवा माता के दरबार में महाष्टमी मंगलवार को हवन होगा। जिसमें क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, एसडीएम संजीव साहू, तहसीलदार आदि आहुतियां समर्पित कर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे । 30 सितंबर को पंडित चतुर्भुज शास्त्री हवन प्रारंभ करवाएंगे ।
हवन रात्रि भर चलेगा जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी आहुतियां समर्पित करेंगे। बुधवार प्रातः ब्रह्म मुहूर्त में महा आरती के साथ ही हवन की पूर्णाहुति होगी।

हजारों भक्त नापेंगे पग – पग धरती

महाष्टमी के दिन नीमच एवं मालवा क्षेत्र के हजारों भक्त नीमच से भादवा माता तक 22 किलोमीटर की पदयात्रा कर मां के दरबार में पहुंचेंगे और दर्शन लाभ लेने के साथ ही मां का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे इस दौरान पदयात्रा करने वाले मां के इन भक्तों को जलपान फलाहार करवा कर शहर के समाज सेवी, संस्थाएं जनप्रतिनिधि आदि नीमच से भादवा माता के रास्ते में स्टाल लगाकर उन्हें जलपान फलाहार कराते नजर आएंगे।

जिला कांग्रेस कमेटी करेगी भक्तों का सम्मान, करेगी फलाहार वितरण
नीमच जिला कांग्रेस कमेटी नवरात्रि  महाष्टमी पर्व पर 30 सितंबर मंगलवार को  भादवा माता जी दर्शन करने जाने वाले पदयात्री वह अन्य वाहन सवार भक्तों का  जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती के नेतृत्व में कांग्रेस जन नीमच – गिरदोड़ा मार्ग के बीच भादवा माता रोड़ पर स्टाल लगाकर फलाहार, स्वल्पाहार वितरण कर  अभिनंदन करेंगे। 
 जिला कांग्रेस प्रवक्ता भगत वर्मा ने बताया कि अंचल के सुप्रसिद्ध आरोग्य स्थल भादवा माता में अष्टमी के पावन पर्व पर हजारों भक्त पदयात्रा कर दर्शन हेतु जाते हैं। सभी भक्तों की  आस्था का कांग्रेस जन  फलाहार, स्वल्पाहार  वितरण कर उनका दुपट्टे पहनाकर  सम्मान करेंगे। आयोजन स्थल पर शाम 6:00 बजे भादवा माता जी की आरती कर फलाहार वितरण प्रारंभ किया जाएगा। इसी के साथ भादवा माता जी जाने वाले पैदल भक्तों के लिए चिकित्सा व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी। कार्यक्रम संयोजक संदीप राठौर व बलवंत पाटीदार ने सभी कांग्रेस  साथियों से अपील की है कि स्वागत स्थल दरक वेयर हाउस नीमच – गिरदोड़ा रोड़  पहुंच कर अपनी सेवाएं प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *