भोपाल:मध्य प्रदेश में 19 साल से बंद पड़ा सड़क परिवहन निगम यानी मध्य प्रदेश राज्य परिवहन निगम की बसों का संचालन दुबारा शुरू करने की तैयारी शुरू हो चुकी है। इस बाबत मुख्य सचिव कार्यालय ने परिवहन विभाग को इसके लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं, जो इसी महीने प्रस्तुत करना होगा। इस प्रस्ताव में यह साफ किया जाएगा कि सरकारी बसें कैसे और किन मार्गों पर चलेंगी और कौन उन्हें संचालित करेगा। साथ ही, इसका सिस्टम कैसा होगा, इस पर भी ध्यान दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जून माह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे लेकर बैठक की थी और रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया था। अब उस सर्वे रिपोर्ट के आधार पर परिवहन विभाग विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगा।