बदनावर। बदनावर नगर परिषद ने स्वच्छ सर्वेक्षण में अच्छा प्रदर्शन किया है। इस उपलब्धि पर 5 मार्च को भोपाल में आयोजित स्वच्छता प्रेरणा समारोह में नगर परिषद अध्यक्ष मीना-शेखर यादव को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव रहेंगे।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी लालसिंह राठौर ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण- 2023 में नगर परिषद ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। जिसके फलस्वरुप राष्ट्रीय स्वच्छता परिदृश्य में प्रदेश में निकायों को सम्मान प्राप्त हो रहा है। 5 मार्च को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में नगर परिषद अध्यक्ष समेत निकाय को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण- 2024 को लेकर भी निकाय शहर में लगातार स्वच्छता को लेकर काम कर रही है। हमारा प्रयास है कि नगर परिषद प्रथम पायदान पर इस बार भी रहे।
यह निकाय होंगे सम्मानित-
जानकारी अनुसार समारोह में उज्जैन, खंडवा, सिंगरौली, छिंदवाड़ा, भोपाल व इंदौर नगर निगम के साथ ही बदनावर, सौंसर, मुंगावली, खुरई, पसान, आरोन, शाजापुर, शुजालपुर, विदिशा, धार, धनपुरी, जावरा, आगर, राधोगढ़, शहडोल, बैतूल, बीना, इटावा, पोलायकलां, अठाना, सीतामऊ, आलोट, कारी, नरवर, गौतमपुरा, राजगढ़, राऊ, सनावद, त्योंथर, बल्देवगढ़, वनखेड़ी, शाहगंज, मनासा, पांढुरणा आदि नगर पालिका व परिषद को सम्मानित किया जाएगा।
सुबह गुम हुआ बालक शाम को मिला
बदनावर। कानवन के नयापुरा मोहल्ले से आज सुबह करीब 8 बजे लापता हुआ 12 साल का बालक शाम को सुरक्षित मिल गया। अभी वह कहां व कैसे मिला, इस बारे में सही जानकारी नहीं मिल सकी है। वह घबराया हुआ है। बालक का नाम कानू विनम्र राज पिता विशाल राव निक्कम है। वह सुबह घर से कुछ दूर जाकर अचानक लापता हो गया था। ग्रामीण दिनभर से उसे ढूंढ रहे थे। उसके पिता भी अभी खोजबीन के लिए उज्जैन गए हुए हैं। बालक के सुरक्षित मिल जाने पर लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव वासियों के साथ ही पुलिस भी बालक का पता लगाने में अपने स्तर पर सक्रिय थी। हर कोई उसके सुरक्षित मिलने की कामना कर रहा था।

