नीमच। (सुरेश सन्नाटा)
देश में अपनी अलग पहचान रखने वाले आरोग्य तीर्थ शक्ति स्थल, महामाया भादवा भवानी के मंदिर. में जहां, लकवा जैसी असाध्य बिमारी का निदान मां भगवती का आशीर्वाद और यहां स्थित बावड़ी के जल से होकर पीड़ित भले- चंगे होकर घर जाते है। यही वजह है कि इस स्थल की ख्याति देश व्यापी होकर यहां हर जाति धर्म के भक्त व रोगी आकर मां का आशीर्वाद प्राप्त कर निरोगी काया के वरदान से फलीभूत होकर जय-जयकार करते नजर आते हैं।
जिले में स्थित महामाया भादवा माता मंदिर जो जिला मुख्यालय नीमच से 20 कि.मी. की दूरी पर स्थित होकर यहां आने वाले रोगियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
आज 22 सितंबर सोमवार की शुभ वेला में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में घट स्थापना के साथ यहां नौ दिवसीय मां की आराधना का पर्व शुरू होकर भक्तों की आस्था विश्वास को निहाल करेगा। दूर दराज से भक्तों की व लकवा पीड़ित रोगियों की आवाजाही प्रारंभ हो चुकी है। जो प्रतिदिन मां की आराधना साधना पूजा अर्चना से अपना जीवन धन्य करेगी और निरोगी काया प्राप्त करेगी। नवरात्रि के नौ दिनों तक यहां मेला भी भरेगा जिसमें भजन कीर्तन आदि आध्यात्मिक आयोजन होंगे।
*आद्य शक्ति को समर्पित “शक्ति पर्व” आज*
*लोकगायन व नृत्य नाटिका की होगी प्रस्तुति*
नवरात्रि मेले के मंच पर आज 22 सितंबर 2025 सोमवार शाम 6:30 बजे संस्कृति विभाग, म.प्र. शासन द्वारा शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर “शक्ति पर्व” का माँ भादवा माता मंदिर प्रांगण में किया जाएगा। इस प्रदेश स्तरीय महोत्सव में लोक-भक्ति गायन और आदि शक्ति को समर्पित नृत्य नाटिका के माध्यम से देवी के वैभव और महिमा को विभिन्न कला रूपों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। माँ भादवा की भक्ति में डूबे कला रसिकों के मध्य शाजापुर के दिनेश कुमार धौलपुरे लोकगायन की प्रस्तुति देकर सभा का आगाज करेंगे। इसके पश्चात उज्जैन की गार्गी आचार्य एवं साथी नृत्य नाटिका “महिषासुरमर्दिनी” के माध्यम से माता के शक्ति स्वरूप और धर्म की स्थापना की कथा को मंच पर जीवंत करेंगी। इस सुमधुर शाम का समापन भोपाल के शिवम नागर भक्ति गायन की प्रस्तुति देकर करेंगे।
इसी तरह देश में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाली आंतरिक माता जी मंदिर आंतरी माता , आवंरी माता चीता खड़ा, मोड़ी माताजी आदि शक्ति स्थलों पर भी नो दिवसीय नवरात्रि पर्व मनाने की तैयारी की जा चुकी है। जहां आज से इन मंदिरों में माता के जयकारे लगेंगे।
*मचेगी गरबों की धूम*
वैसे नवरात्रि के पर्व को लेकर जिला मुख्यालय व कस्बों में जगह-जगह पंडाल बनाकर मां की प्रतिमाएं स्थापित की गई है जहां नौ दिनों तक गरबा रास खेलकर मां की भक्ति की जाएगी। नीमच गांधी वाटिका में रोटरी क्लब के बैनर तले व समाजसेवी अरुल- अशोक अरोरा के मार्गदर्शन में विराट गरबों का आयोजन होगा जिसके हजारों शहर वासी साक्षी बनेंगे। इस गरबा रास की तैयारी लगभग एक माह से जारी थी।

