भोपाल । मध्य प्रदेश के 12 कलेक्टर व एसपी पर गंभीर चुनावी आरोप लगे हैं। कुछ अधिकारियों पर कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाए हैं तो कुछ अधिकारियों पर भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाए हैं। इस लिस्ट में तीन अधिकारी ऐसे भी हैं जिन पर भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों ने आरोप लगाए हैं। कुछ आरोप ऐसे हैं जो प्रमाणित हो गए तो संबंधित अधिकारी भारतीय प्रशासनिक सेवा हेतु अपनी योग्यता खो सकते हैं। नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रिजु बाफना पर भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर कलेक्टर मैडम ने वोटिंग प्रतिशत कम करवाया।
भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के बारे में भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों ने शिकायत की है। श्री संजीव श्रीवास्तव ने चुनाव के ठीक 1 दिन पहले भिंड जिले में दो पहिया वाहनों तक पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके कारण भाजपा नाराज हो गई थी। हाल ही में कांग्रेस पार्टी के नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने श्री संजीव श्रीवास्तव पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
रतलाम कलेक्टर भास्कर लक्षकार पर भाजपा ने आरोप लगाया है कि रतलाम विधानसभा के बूथ क्र. 222 में निर्वाचन अधिकारी द्वारा जान बूझकर धीमी गति से मतदान करवाकर मतदान प्रक्रिया को प्रभावित किया है। शिकायत के बाद भी जिला निर्वाचन अधिकारी ने कार्रवाई नहीं की। अशोक नगर कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी की कांग्रेस ने शिकायत की थी। इसके लिए हाईकोर्ट जबलपुर के आदेश को आधार बनाया, जिसमें उन्हें चुनाव ड्यूटी से हटाने के निर्देश दिए गए थे। सागर कलेक्टर श्री दीपक आर्य को लेकर कांग्रेस ने सुरखी विधानसभा से प्रत्याशी और मंत्री गोविंद राजपूत को लाभ पहुंचाने के लिए वाहन का एक दिन का खर्च 2500 से घटाकर 1250 रुपए करने का आरोप लगाया। सीधी कलेक्टर साकेत मालवीय – सिंगरौली जिला पंचायत सीईओ रहे हैं, इसलिए कांग्रेस पार्टी ने तीन साल की पदस्थापना पर चुनाव आयोग की गाइडलाइन के विरुद्ध पदस्थ बताते हुए हटाने की मांग की गई ।
सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा की कांग्रेस ने शिकायत की थी कि श्री अनुराग वर्मा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारी के साथ खड़े होकर शपथ ली थी। दतिया कलेक्टर संदीप माकिन पर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वे भाजपा के प्रत्याशी एवं मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा का सपोर्ट कर रहे हैं। आईपीएस अफसर निवाड़ी पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल पर भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि श्री जायसवाल ने केवल भाजपा के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए आचार संहिता के उल्लंघन को नजर अंदाज किया। मुरैना एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान पर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में काम करने का आरोप। दतिया एसपी प्रदीप शर्मा पर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में काम करने का आरोप। जबलपुर एसपी आदित्य प्रताप सिंह पर भारतीय जनता पार्टी के लिए काम करने का आरोप लगाया गया है।