आज सावन का पहला सोमवार है, और खास बात यह है कि इस पवित्र माह की शुरुआत भी सोमवार से हुई है। महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। मंदिर प्रशासन का दावा है कि कतार में लगे भक्त को गर्भगृह तक आने और यहां से आगे जाने में 1 घंटे से कम समय लग रहा है।
भगवान महाकाल की भस्म आरती के लिए रविवार रात 2.30 बजे ही महाकाल मंदिर के पट खोल दिए गए। भस्म आरती में 17 हजार भक्तों ने भस्म आरती में दर्शन किए हैं। जबकि दोपहर 1 बजे तक डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं दर्शन कर चुके हैं। दिनभर में 3 लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।
वहीं, रायसेन के भोजपुर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो गए थे। ओंकारेश्वर में विशेष पूजा-अर्चना का दौर जारी है। सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में शिव अभिषेक चल रहा है। मंदसौर में भगवान पशुपतिनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया।