धार । (अनीता मुकाती )
किला मैदान धाल में विजयदशमी का पर्व धूमधाम और जोश के साथ मनाया गया। हजारों की भीड़ की मौजूदगी में 51 फीट ऊंचे, 360 डिग्री पर घूमने वाले वाटरप्रूफ रावण का दहन हुआ। आसमान रंग-बिरंगी आतिशबाज़ी से जगमगा उठा और हर तरफ़ जय श्रीराम के जयकारे गूंजते नज़र आए।
सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति नौगांव की ओर से आयोजित इस आयोजन की परंपरा 46 सालों से लगातार निभाई जा रही है। समिति ने एक बार फिर साबित किया कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ यह आयोजन सामाजिक और सांस्कृतिक सद्भाव का प्रतीक भी है। इस बार के रावण की खासियत रही कि वह पूरी तरह वा वाटरप्रूफ बनाया गया था और 360 डिग्री घूमकर हर दिशा से दर्शकों को रावण के जलने का अद्भुत नज़ारा दिखा रहा था । बारिश की संभावना के बीच भी दर्शक निश्चिंत होकर पहुंचे और किला मैदान पर जुटी भीड़ ने इस अनोखे नज़ारे को अपने कैमरों में कैद किया।
रावण दहन से पहले करीब दो घंटे तक रंगारंग आतिशबाज़ी के शानदार प्रदर्शन ने बच्चों और महिलाओं का दिल जीत लिया। हर साल की तरह इस आयोजन में किसी भी तरह का बाजार से चंदा नहीं लिया गया—समिति के सदस्य अपने निजी संसाधनों से ही इस परंपरा को निभाते आ रहे हैं। धार का किला मैदान दशहरे की रात समाज को एकता, भाईचारे और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।

