डॉक्टर से मारपीट में चार लोगों पर केस

Spread the love

बदनावर। सिविल अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर अजय पाटीदार एवं वार्डबॉय नंदकिशोर सिरवी के साथ बीमार बच्चे को लेकर आए लोगों ने गाली गलौज देते हुए मारपीट की। वार्डबॉय को चाकू मार कर घायल कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने डॉक्टर की रिपोर्ट पर ग्राम बोराली के चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपीगण के नाम राहुल भाटी, अनुज भाटी, अनमोल जाट व बंटी पाल बताए गए हैं। उधर डॉक्टर के खिलाफ भी प्रियंका पति दिलीप गहलोत निवासी उज्जैन हाल मुकाम बोराली ने कल थाने पर आवेदन दिया। जिसमें बताया कि वह रात में करीब डेढ़ बजे अपनी बहन की तीन माह की बच्ची के बीमार होने पर इलाज के लिए अस्पताल गई थी। वहां डॉक्टर नहीं मिले। एक घंटे बाद आए तो उन्होंने इलाज करने से मना कर दिया और बोला कि मैं बच्चों का डॉक्टर नहीं हूं तथा घरवालों के साथ गाली गलौज देते हुए अभद्र व्यवहार किया। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाए।

न्यायाधीशगण ने उप जेल में निरीक्षण किया

बदनावर। अपर जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश विशाल अखंड, न्यायाधीश ऋतुश्री गुप्ता एवं मानव अधिकार एक्टिविस्ट जयेश राजपुरोहित ने उप जेल का निरीक्षण कर विधिक साक्षरता शिविर लगाया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक मनोजकुमार मिश्रा भी उपस्थित थे। शिविर में एडीजे अखंड ने कहा कि विधि के उल्लंघन के कारण आप यहां समाज से अलग जेल में बंद है। यहां रह कर अच्छे विचारों से दिल दिमाग को शुद्ध करें। जिन बंदियों के वकील नहीं है उन्हें विधिक सहायता अंतर्गत वकील उपलब्ध करवाए जाने की योजना के बारे में बताया। यह भी बताया कि शासन से मिलने वाली विधिक सहायता का दुरुपयोग न करें।एडीजे ने खाने के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता देखी। पानी की सुविधा, पेशी हेतु वीडियो कांफ्रेंसिंग कक्ष, मुलाकात कक्ष आदि का निरीक्षण किया। कैदियों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु प्रति माह उप जेल में चिकित्सक के आने के बारे में जानकारी ली। बंदियों से मुलाकात, पेशी आदि की विभिन्न समस्याएं जान कर उनके निराकरण बारे में बताया। शिविर में सभी 56 बंदी, जेल स्टाफ व नायब नाजिर शांतिलाल कलमे मौजूद थे।

करंट लगने से युवक की मौत

बदनावर। आज सुबह यहां इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में रहने वाले रवि पिता भागीरथ योगी 35 की करंट लगने से अकाल मौत हो गई। पता चलने पर उसे सिविल अस्पताल लाए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बाद में अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया। अभी करंट लगने के कारण का पता नहीं चला है। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।

नवदीक्षित साध्वी अंजलीजी की बड़ी दीक्षा हुई

बदनावर। बड़नगर तहसील के ग्राम चिरोला कलां में आचार्यश्री उमेशमुनिजी के सुशिष्य प्रवर्तकश्री जिनेंद्रमुनिजी, श्रीसंयतमुनिजी ठाणा 7 एवं श्रीमुक्तिप्रभाजी, श्रीपुण्यशिलाजी ठाणा 7 के सानिध्य में नवदीक्षित श्रीअंजलीजी महासती की बड़ी दीक्षा आचार्यश्री के मुखारविंद से संपन्न हुई । धर्मसभा में प्रवर्तकश्री ने समझाया कि जीव को हिंसा नहीं करना चाहिए। भगवान ने अहिंसा का पालन करने के लिए कहा है। स्वयं नहीं करना, न करवाना, न अनुमोदन करना। कोई आरंभ करता हो तो उसका अनुमोदन न करना। छ काय जीवो की हिंसा होती है। प्रतिक्रमण करना चाहिए। इस दौरान सभी व्रत की समझाईश लेकर नव दीक्षित श्रीअजंलीजी ने प्रतिज्ञा ली।  धर्म सभा में आपने कहा कि ज्ञान होगा तो दया आएगी। अनुकंपा से पाप कार्य न कर अपना कार्य संयम से करते हुए पालन कर सकते हैं। कर्मबंध को जान लेते हैं तो व्यर्थ कार्यों का त्याग होगा। माता-पिता, भाई-बहन आदि का त्याग करते हुए निर्ग्रध धर्म का पालन कर श्रेष्ठ धर्म कर सकते हैं। पूर्व के कर्मों को क्षय कर सकते हैं। केवल ज्ञान व दर्शन प्राप्त कर सकते हैं। अंतिम समय में कर्मों का क्षय कर मोक्ष को प्राप्त करना है।  साधु सुगति प्राप्त करता है, किंतु अधर्मी कार्यों से सुगति प्राप्त होना मुश्किल है। जो संयम, तप, ब्रह्मचर्य पालन करता है। फिर वह किसी भी उम्र में करता है तो भी सद्गति प्राप्त होती है।पांच महाव्रतों का त्याग करने से ही कई आत्मा सिद्ध हुई हैं। उन्होंने महाव्रत का पालन किया। सभी दुखों को छुड़ाने वाला यह महाव्रत संयम रूपी है। जन्म-मरण से छुड़ाने का कार्य करता है।

जैसे मंत्री को शपथ दिलाई जाती है और फिर कार्य समझाए जाते हैं।वैसा ही बड़ी दीक्षा में होता है। जिसका काफी महत्व है।  बदनावर श्रीसंघ के अध्यक्ष सुरेंद्र मूणत, पूर्व अध्यक्ष अशोक संघवी, कुशल बोकडिया, चंद्रप्रकाश बोकडिया एवं इंदौर, खाचरोद, बड़नगर, बदनावर, नागदा जंक्शन, रत्नाखेड़ी, उन्हेल, रतलाम आदि श्रीसंघों के सदस्य उपस्थित थे। संचालन मनीष बोकडिया ने व आभार चिरोलाश्रीसंघ ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *