बदनावर: ग्राम खेरवास में सोया प्लांट में रोजगार के लिए स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता नहीं देने एवं आसपास के गांववालों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विधायक भंवरसिंह शेखावत ने कल ग्रामीणों एवं फैक्ट्री प्रबंधन से चर्चा की। विधायक को बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से स्थापना के समय आसपास के गांववालों से कुछ वादे किए गए थे। जो पूरे नहीं किए जा रहे हैं। न ही स्थानीय बेरोजगार युवकों को रोजगार में प्राथमिकता दी जा रही है। फैक्ट्री निर्माण के समय कारोदा मार्ग पर भारी वाहनों के गुजरने से सड़क खराब हो गई है। प्रबंधन ने गांव को गोद लेकर विकास कार्य करवाने का वादा किया था। इसके अलावा बारिश के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं करने से भी आसपास के खेतों में खड़ी फसलों को काफी नुकसान हो रहा है। विधायक ने कहा कि दो महीने में इन समस्याओं का निराकरण किया जाए। नहीं तो गांववालों के लिए आंदोलन भी करना पड़ा तो करेंगे। इससे पूर्व शेखावत सोया प्लांट पर गांववालों के साथ धरना प्रदर्शन करने वाले थे। किंतु प्रशासन की पहल पर पहले फैक्ट्री प्रबंधन से चर्चा करना उचित समझा। इसलिए उन्हें डाक बंगले पर बुलाया गया।