विश्वव्यापी पहचान रखती है शिक्षक की अनुशासित सेवा – कलेक्टर दिनेश जैन , जिले के भाल पर गौरव तिलक लगाने वाले कलेक्टर दिनेश जैन सम्मानित

Spread the love

नीमच । (ए पी न्यूज़ एक्सप्रेस)

शिक्षक की अनुशासित सेवा विश्व में अपनी अलग पहचान रखती है। शिक्षक भावी राष्ट्र का निर्माता है। क्योंकि शिक्षक का मार्गदर्शन व्यक्ति को सफलता के पायदान चढ़ाता है। शिक्षक द्वारा प्रदत संस्कारों से व्यक्तित्व का निर्माण होता है और व्यक्ति अपने उत्कृष्ट व्यक्तित्व से विकसित राष्ट्र का निर्माण करता है।
उक्त आशय के विचार जिला कलेक्टर दिनेश जैन ने मध्य प्रदेश शिक्षक संघ जिला शाखा नीमच द्वारा परशुराम महादेव धर्मशाला परिसर में आयोजित अपने सम्मान समारोह में व्यक्त किये । श्री जैन ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षक का महत्वपूर्ण योगदान होता है। आज आपके द्वारा मुझे प्राप्त सम्मान का श्रेय कहें या वास्तविक अधिकारी मेरे वे गुरु ही है जिनकी शिक्षा ने मुझे इस काबिल बनाया। बच्चों को संस्कारित कर उनके भविष्य का निर्माण करना सहज नहीं होता जिसे शिक्षक सहज बनाता है। हम घर में एक या दो बच्चों को संभालने में मुश्किलों का सामना करते हैं लेकिन शिक्षक विद्यालय में 100 से अधिक विद्यार्थियों को भी कुशलता के साथ पढ़ाकर शिक्षित नागरिक बनाते हैं। नीमच का नाम रोशन करने में शिक्षकों के अमूल्य योगदान को नकारा नहीं जा सकता है। विधानसभा, लोकसभा निर्वाचन हो या अन्य निर्वाचन उनमें भी शिक्षक साथियों का सहयोग सदैव मिलता रहता है। निर्वाचन की विश्वसनीयता पीठासीन अधिकारी के कारण देश के लोकतंत्र का नाम पूरे विश्व में भारत की अलग पहचान रखता है जिसका दायित्व अधिकतर शिक्षक ही निर्वहन करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा कार्यों में कभी-कभी कर्मचारी, अधिकारी बीमार हो जाते हैं तो उस समय सभी मिलकर टीम भावना से कार्य करते हैं।सभी शासकीय कर्मचारियों को शासन के नियम का पालन करते हुए सभी को सम्मान देते हुए राष्ट्र और नागरिकों के विकास के लिए सेवा कार्य करना चाहिए। शिक्षक वर्ग के परिश्रम के कारण ही नीमच जिला लगातार सफलता की ओर अग्रसर हो रहा है। पहले नेत्रदान फिर रक्तदान, के बाद सैनिक कल्याण के लिए नीमच जिला प्रथम रहा। राज्यपाल द्वारा नीमच जिले का सम्मान किया गया ।यह सम्मान सभी नागरिकों के सहयोग से ही नीमच जिले को मिला है। देश की सीमा पर सैनिक सर्दी में माइनस डिग्री में भी देश की सुरक्षा के लिए संघर्ष करते हैं। इसलिए देशवासियों को भी सैनिकों के सम्मान और सहायता के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। सही मायने में देखा जाए तो सैनिकों के लिए किया गया सहयोग ही सच्ची राष्ट्र सेवा है। सैनिक कल्याण के लिए नीमच जिले ने सबसे ज्यादा 1 करोड़ 20 लाख का योगदान प्रदान किया है जो नीमच जिले वासियों के लिए गर्व का विषय है। समाज विकास के लिए मानवीय दृष्टिकोण प्रमुख आधार होता है इसे हर व्यक्ति को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर दिनेश जैन का जीवन परिचय हिम्मत सिंह जैन ने दिया। कार्यक्रम में संगठन मंत्री बद्रीलाल पुरोहित, प्रांतीय कोषाध्यक्ष विनोद पुनी, शिक्षक संघ की महिला प्रांतीय पदाधिकारी श्रीमती कुसुम शर्मा मंचासीन थे। शिक्षक संघ पदाधिकारीयों एवं शिक्षक साथियों ने जिला कलेक्टर दिनेश जैन का शाल, श्रीफल, माला से सम्मान कर अभिनंदन पत्र भेंट किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *