Breaking

जीतो लेडीज विंग ने किया साइबर पीस यात्रा आयोजन

Spread the love
नीमच। AP NEWS EXPRESS 
वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए  जीतो लेडीज विंग द्वारा कार्मेल कान्वेंट स्कूल में “साइबर पीस यात्रा” का आयोजन किया गया।  कार्यक्रम का  उद्देश्य युवाओं को साइबर अपराध, डिजिटल सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर अतिथि  सहायक कमांडेंट विकास पांडेय सर, 4 सिग्नल बटालियन, सीआरपीएफ नीमच थे। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे, ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर बुलिंग तथा राष्ट्रीय सुरक्षा में साइबर जागरूकता की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को इंटरनेट का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. स्वाति वाधवा, कंसल्टेंट साइकियाट्रिस्ट रहीं। उन्होंने डिजिटल युग में मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने समझाया कि सोशल मीडिया की अधिकता, ऑनलाइन तनाव, स्क्रीन एडिक्शन और साइबर बुलिंग किस प्रकार मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने मानसिक संतुलन बनाए रखने, सकारात्मक सोच और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ की सहायता लेने के महत्व पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। साइबर पीस यात्रा ने सभी प्रतिभागियों को न केवल जागरूक किया बल्कि उन्हें एक सुरक्षित, स्वस्थ और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने की प्रेरणा भी दी। अंत में आयोजकों द्वारा अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया। कार्यक्रम अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *