नीमच।ग्राम भड़भड़िया में हुए अंधे कत्ल का कैंट पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि बेटा ही बाप का हत्यारा है । नवागत पुलिस कप्तान अंकित जायसवाल के निर्देशन, एएसपी नवल सिंह सिसौदिया एवं सीएसपी अभिषेक रंजन के मार्गदर्शन में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा के नेतृत्व मे अंधे कत्ल का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।
जिसके अनुसार गत 7 फरवरी को फरियादी कारू लाल पिता हजारीलाल पाटीदार निवासी भरभडिया ने कैंट थाने में रिपोर्ट कि थी कि मैं मैं व मेरा बडा भाई शम्भु लाल पिता हजारीलाल पाटीदार (55) निवासी भरभडिया अलग-अलग मकान में रहते हैं। शम्भु लाल व उसका लड़का अर्जुन अपने मकान में सो रहे थे, और मैं अपने मकान में सो रहा था कि, रात्री में 12.30 बजे मेरे भतीजे अर्जुन की जोर जोर से चिल्लाने की आवाज आयी की चोर आ गये चोर आ गये, तो मैं घर से उठकर बाहर आया मेरा भतीजे अर्जुन बाहर चिल्लाता हुआ पंचायत की तरफ जा रहा था और बोल रहा था की चोर पंचायत की तरफ भागे है।
मैं गया और वापस अपने भाई शम्भु लाल के घर में जाकर देखा तो शम्मु लाल खून में लथपथ बिस्तर पर पड़े थे पास में कुल्हाडी पडी थी, अन्दर वाले कमरे में लोहे की पेटी में से सामान बाहर निकला बिखरा पडा था। कोई अज्ञात आरोपी द्वारा मेरे भाई शम्भु लाल को सिर में कुल्हाड़ी मारी है। जिससे उनके सिर में गम्भीर चोट होकर सिर से खून निकल रहा था। उसी समय बलराम पिता डम्मर लाल पाटीदार व अन्य आसपास के लोग भी आ गये थे। फिर शम्भु लाल को जिला चिकित्सालय नीमच लेकर आये। जहां डॉक्टर बताया गया कि, शम्भुलाल की मृत्यु हो गयी है। रिपार्ट पर अप. क 48/24 धारा 458, 302 भादवि का कायम कर विवेचना मे लिया गया था।
विवेचना में मृतक के पुत्र अर्जुन पाटीदार से पुछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि, उसके पिता शंभुलाल द्वारा नशा करने हेतु रूपये नही देना एवं उसकी शादी नही करने से रूष्ट होकर उसने पिता की हत्या करने की योजना बनायी। उसी तारतम्य मे पिता को अपने कमरे मे सुलाया और सोते समय रात में कुल्हाडी से उसके सिर पर चोट पहुंचायी। पुलिस एवं गांव वाले उस पर शक न करे इस कारण आरोपी ने चोर चोर की आवाज लगायी व घर मे रखी पेटी का सामान भी बिखेर दिया। जिससे ऐसा प्रतीत हो की चोरो द्वारा उसके पिता की हत्या की गयी है जिससे की पुलिस भी भटक जावे। पुलिस के आरोपी अर्जुन पिता शंभुलाल पाटीदार (24) निवासी भरभड़िया को गिरफ्तार किया है।

