नीमच। (AP NEWS EXPRESS)
जिला नीमच में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल द्वारा जिलें के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों को ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता-स्वतंत्रता का उत्सव, स्वतंत्रता के संग अभियान‘‘ हेतु दिये गये निर्देशानुसार कार्यक्रमों का आयोजन करने संबंधी निर्देश दिये गये है। अभियान का मुख्य उद्देश्य देशवासियों को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए प्रेरित करना, जन सामान्य में देश भक्ति की भावना जागृत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरुकता उत्पन्न करना है।
इसी के अंतर्गत ‘हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता अभियान‘‘ के दौरान आज 12 अगस्त को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में तिरंगा वाहन रैली का आयोजन किया गया। तिरंगा वाहन रैली उत्कृष्ट स्कूल क्रमांक 02 से प्रारंभ होकर कमल चौक, फोर जीरों, पुस्तक बाजार, बारादरी, फव्वारा चौक होते हुए उत्कृष्ट स्कूल क्रमांक 02 पर समाप्त हुई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, रक्षित निरीक्षक विक्रम सिंह भदौरिया सहित जिला मुख्यालय पर पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर संदेश दिया कि, हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान, अस्मिता और गौरव के प्रतीक तिरंगे को स्वयं एवं अपने आसपास के लोगों के साथ मिलकर अपने घरों पर पूरे गर्व व सम्मान के साथ फहराएं और पूरे हर्षाेल्लास और स्वच्छता का संकल्प लेते हुए राष्ट्रीय पर्व मनाएं।

