मनासा : ( सुभाष व्यास/मुकेश शर्मा) अखिल भारतीय जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक युवक महासंघ एवं जैन सोश्यल ग्रुप की मनासा इकाई के संयुक्त तत्वाधान में स्थानीय ग्रीनफील्ड स्कूल परिसर में वृक्षारोपण किया गया विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पूरे देश में चलाए जा रहे अभियान “एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत युवक महासंघ एवं जैन सोश्यल ग्रुप के प्रादेशिक आव्हान पर स्थानीय इकाइयों द्वारा 5 जून को वृक्षारोपण का कार्यक्रम रखा गया। जिसमें विभिन्न प्रजाति के वृक्षों को न सिर्फ लगाया गया बल्कि उनके संरक्षण की शपथ भी ली गयी। युवक महासंघ के अध्यक्ष प्रवीण मानावत एवं जैन सोश्यल ग्रुप के अध्यक्ष मनोज गांधी ने बताया कि देश भर में पर्यावरण संरक्षण के लिए माननीय प्रधानमंत्री जी के निर्देशानुसार जैन समाज की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी पर्यावरण के प्रति अपना उत्तरदायित्व निभाने के लिए प्रादेशिक पदाधिकारियों के आह्वान पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम प्रदेशभर की कई शाखाओं ने प्रारम्भ किया है। इसी क्रम में मनासा की वाय एम एस शाखा एवं JSG शाखा द्वारा भी विभिन्न प्रजाति के फलदार एवं फूलदार पौधों का रोपण ग्रीनफील्ड पब्लिक स्कूल के प्रांगण में किया गया। तथा स्वदेशी वस्तुओं को अपनाकर विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार सम्बन्धी “वोकल फार लोकल” की शपथ भी उपस्थित सदस्यों को पदाधिकारियों द्वारा दिलवाई गयी। इस अवसर पर स्थानीय YMS शाखा के अध्यक्ष प्रवीण मानावत एवं JSG शाखा के अध्यक्ष मनोज गांधी सहित प्रमोद गांधी,रत्नेश हिंगड़, संजय जैन एवं विद्यालय के स्टाफ़ सदस्य व छात्र- छात्राएं भी उपस्थित थे।