Breaking

जिले की कानून व्यवस्था को लगा ग्रहण, तस्करों, गुंडों, चोरों के हौसले बुलंद; सर्व समाज देगा ज्ञापन

Spread the love

नीमच। जिले की कानून व्यवस्था किस कदर पंगु होकर अपने दायित्व का निर्वाह नहीं कर पा रही है यह एक सप्ताह की अवधी ने बताते हुए इस शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह लगा दिया है। क्योंकि गत रविवार को शहर के ख्यात समाजसेवी अशोक अरोरा पर दिनदहाड़े गोलियां चला कर जानलेवा हमला किया गया। यह तो मां भादवा ,भोलेनाथ और सांवरिया सेठ की कृपा ही थी कि वे बाल – बाल बच गए और आत्मरक्षा में किए गए पलटवार से कुख्यात एक शूटर मारा गया। उसके बाद इस घटना की चर्चा थमी ही नहीं थी की बंसी गुर्जर पर जानलेवा हमला हुआ और अब गत रात्रि में बुलंद चोरों के हमले में ग्राम भरभड़िया में चोरी की नीयत से एक पाटीदार के घर में घुसे चोर ने घर मालिक की हत्या कर दी। ऐसे में जब शहर की जानी-मानी हस्ती ही सुरक्षित नहीं है तब भला आम आदमी अपनी सुरक्षा को लेकर भला क्योंकर चिंतित नहीं होगा। शहर की शांत फिजा को अशांत करने वाले तस्कर गुंडों और चोरों का बोलबाला पुलिस प्रशासन को नित नई चुनौती दे रहा है। अशोक अरोरा गंगानगर पर जानलेवा हमले करने वाले अपराधियों का खुलासा आज तक पुलिस नहीं कर पाई जिसने सर्व वर्ग, सर्व समाज को आक्रोशित कर दिया है और सभी सड़क पर उतरकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन देकर इस मामले का तत्काल खुलासा करने की बात कर रहे हैं परंतु खुलासा नहीं हो रहा है।

आज हिन्दू समाज होगा एकजुट, देगा ज्ञापन

अशोक गंगानगर नीमच ही नही बल्कि मालवा-मेवाड़ में समाजसेवी की छवि से प्रख्यात अशोक अरोरा जो अपने धार्मिक आस्था के चलते धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता देते हैं। शहर में नवरात्रि पर्व के दौरान गरबा उत्सव हो, आरोग्य तीर्थ स्थल महामाया भादवा भवानी का दरबार हो या फिर शहर के आस्था में शुमार अखिलेश्वर महादेव का मंदिर वे अपनी धर्मालु प्रवृत्ति का परिचय देते हुए इनके कायाकल्प की बात हो या अन्य आयोजनों की बात हो खुले हाथ से सहयोग करने में पीछे नहीं हटते हैं। इसके अलावा किसी भी व्यक्ति की जरूरत में आगे आकर वे मददगार बनते हैं। ऐसे समाजसेवी अशोक गंगानगर पर हुए जानलेवा हमले के बाद से सर्व समाज आक्रोशित हैं । और वह चाहता है कि हमलावर शीघ्र सामने आए और उन पर यूपी के कुख्यात आरोपी अतीक अहमद पर हुई संपत्ति कुर्क और मकान तोड़ने की कार्रवाई की तरह उनके भी आशियाने धराशाही कर उन्हें कठोर सजा दिलाई जाए ताकि फिर कोई नीमच की शांत फिजा को अशांत करने की हिम्मत नहीं कर सके । इसी मांग को लेकर आज गुरूवार 12 बजे भारत माता चौराहे पर सर्व हिन्दू समाज एकजुट होकर कैंट थाना नीमच पहुंचेगा और समाजसेवी अशोक गंगानगर पर हुए प्राणघाती हमलावरों की जल्दी गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन देगा। हिन्दू संगठनो से जुडे लोगो ने जनता से अपील की है कि धर्मप्रेमी अधिक से अधिक संख्या में एकत्रित होकर ज्ञापन सौंपने में अपनी अपनी सहभागिता निभाएं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *