कहते हैं, ईश्वर से ऊंचा पद गुरु का होता है, लेकिन जब यही गुरु पढ़ाने की बजाय बच्चों को शराब पिलाने लगे तो क्या होगा? जी हां, ऐसा ही मामला मध्यप्रदेश के कटनी जिले से सामने आया है, जहां एक शिक्षक सात स्कूली बच्चों को देशी शराब पिलाते हुए नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया है। यह मामला कटनी जिले के बड़वारा विकासखंड का बताया जा रहा है, जहां शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरही में पदस्थ शिक्षक लाल नवीन प्रताप सिंह ने शिक्षा के मंदिर को मधुशाला में बदल दिया। उन्होंने बच्चों को शराबी बना दिया और एक के बाद एक जाम पिलाते गए। इस दौरान, किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। शिक्षक की इस करतूत को देखकर हर कोई हैरान है। बशिक्षक की शर्मनाक करतूत, स्कूली बच्चों को पिलाई शराब,ता दें कि वायरल वीडियो में शिक्षक लाल नवीन प्रताप सिंह 7 स्कूली बच्चों को एक-एक करके शराब परोसते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद कटनी कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने जिला शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी पृथ्वीपाल सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो कुछ दिन पुराना है, जिसकी सच्चाई जानने के लिए 6 विकासखंडों के बीआरसी को वीडियो में दिख रहे शिक्षक की पुष्टि के लिए कहा गया। बड़वारा से पुष्टि हुई कि शिक्षक का नाम लाल नवीन प्रताप सिंह है, जो शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरही में पदस्थ हैं। शिक्षक की इस घोर लापरवाही और मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियमों के विपरीत आचरण को देखते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस दौरान शिक्षक लाल नवीन को विकासखंड बड़वारा में अटैच किया गया है।