मंदसौर : जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां, 18 महीने पहले मर चुकी एक महिला अब वापस लौट आई है। हैरानी की बात यह है कि परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार भी किया था और उसकी मौत के आरोपी थांदला की जेल में सजा भी काट रहे हैं। भानपुरा तहसील क्षेत्र के गांधी सागर थाना इलाके का है। 18 महीने पहले मर चुकी महिला ललिता बाई अब वापस लौट आई है। जिसके बाद उसने गांधी सागर थाने पहुंचकर अपने जिंदा होने की बात कही। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। ललिता बाई के पिता रमेश पिता नानूराम ने बताया कि 9 सितंबर 2023 को उसने एक वीडियो में एक महिला को ट्रक से कुचलते हुए देखा। इसके बाद उसने थाना थांदला में संपर्क किया और पुलिस द्वारा कब्जे में लिए गए क्षतिग्रस्त शव की पहचान की। उसने बताया कि यह उसकी बेटी ललिता बाई का है। उसके हाथ पर नाम गुदा हुआ था और पैर में एक काला धागा भी बंधा था। रमेश द्वारा पहचान करने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद उन्होंने उसका अंतिम संस्कार किया और फिर उठावने व मौसर तक का कार्यक्रम भी किया। इधर, थांदला पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर भानपुरा निवासी इमरान, शाहरुख, सोनू और एजाज को गिरफ्तार किया, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।