इंदौर : शिक्षाविद्, समाजसेवी और शासकीय श्री अहिल्या केंद्रीय पुस्तकालय प्रमुख लिली संजय डावर को वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस द्वारा सम्मानित किया गया। वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस के उपाध्यक्ष संजय पंजवानी ने बताया कि लिली डावर को यह पुरस्कार शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान के लिए दिया गया। लिली डावर, जो राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त प्राचार्य हैं, पिछले तीन वर्षों से शासकीय श्री अहिल्या केंद्रीय पुस्तकालय की प्रमुख हैं और इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय की स्थिति में जबरदस्त सुधार किया।
शासकीय पुस्तकालय का कायाकल्प : लिली डावर के नेतृत्व में शासकीय श्री अहिल्या केंद्रीय पुस्तकालय ने एक नया रूप लिया है। पुस्तकालय को बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं सहित सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए आकर्षक और उपयोगी बनाया गया है। लिली डावर ने कई नवाचारों को लागू किया, जिससे यह पुस्तकालय अब एक महत्वपूर्ण सामाजिक और सांस्कृतिक केंद्र बन चुका है। इसके साथ ही, उनके द्वारा चलाए गए “पुस्तकें बुलाती हैं” अभियान और एक रुपये में आजीवन सदस्यता अभियान ने पुस्तकालय को युवाओं और छात्रों के बीच लोकप्रिय बना दिया है।