राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज मध्य प्रदेश के 54 लाख विद्यार्थियों को गणवेश के लिए 324 करोड़ की राशि का सिंगल क्लिक के जरिए अंतरण किया। भोपाल के आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी में आयोजित “राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह” में 14 शिक्षकों को राज्य स्तरीय पुरस्कार और दो शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई दी।
इस कार्यक्रम में शैक्षिक संगोष्ठी से चयनित शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान किया गया। नवाचार श्रेणी के लिए अंतर्राष्ट्रीय संस्था T-4 एजुकेशन द्वारा विश्व में प्रथम स्थान प्राप्त रतलाम के सीएम राइज़ विनोबा स्कूल के शिक्षकों का भी सम्मान किया गया। इसी के साथ इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में तीन विद्यार्थियों और उनके गाइड का भी सम्मान किया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि ‘शिक्षक ऐसे शिल्पकार हैं जो आदर्श विद्यार्थी और आदर्श विद्यालय के निर्माण के द्वारा आदर्श समाज और राष्ट्र का निर्माण करते हैं। माता पिता बच्चों को जन्म और संस्कार देते हैं जबकि शिक्षक उन्हें ज्ञान, संस्कार और जीवन मूल्यों के साथ शिक्षित कर आदर्श नागरिक बनाता है। बच्चों में मानवीय मूल्य रोपित करने में भी शिक्षकों की महती भूमिका होती है। समाज और सरकार का दायित्व है कि वो शिक्षकों के सार्वजनिक सम्मान के द्वारा शिक्षा और शिक्षकों की महत्ता को स्थापित करे क्योंकि शिक्षकों का सम्मान और प्रोत्साहन राष्ट्र और समाज निर्माण की सार्थक पहल है। इस दिशा में पीएम मोदी के राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन द्वारा प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता के लिए अभूतपूर्व प्रयास किए गए हैं। यहां सीएम राइज़ स्कूल लागू किए गए हैं और मुझे विश्वास है यहां आदर्श छात्रों का निर्माण होगा।