छिंदवाड़ा।
मध्यप्रदेश के पांढुर्णा में परंपरागत गोटमार मेले में करीब 1000 लोग घायल हो गए। दो गंभीर घायलों को नागपुर रेफर किया गया है। मेले में सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई पत्थरबाजी शाम करीब 7.30 बजे तक चलती रही।
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के पांढुर्णा में जाम नदी के किनारे शनिवार को परंपरागत गोटमार मेला खेला गया। इस दौरान पांढुर्णा और सावरगांव के हजारों लोगों ने नदी के दोनों ओर खड़े होकर एक-दूसरे पर पत्थर फेंके। सुबह से शुरू हुए इस खेल में देर शाम तक करीब 1000 लोग घायल हो गए। पत्थरबाजी में किसी का हाथ, किसी का पैर तो किसी का कंधा टूट गया। दो गंभीर घायलों को इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, घायलों में शामिल पांढुर्णा निवासी ज्योति राम उईके का पैर टूट गया, जबकि निलेश राव का कंधा फ्रैक्चर हो गया। घायलों के उपचार के लिए प्रशासन ने नदी किनारे ही 6 अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र बनाए थे। जहां, 58 डॉक्टर और 200 मेडिकल कर्मचारियों का स्टाफ तैनात किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 600 पुलिस जवान भी तैनात किए गए थे। कलेक्टर अजय देव शर्मा ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेले में धारा 144 लागू की थी। लेकिन, इसका कोई असर नहीं दिखा। हर साल की तरह सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई पत्थरबाजी शाम करीब 7.30 बजे तक चलती रही।

