Breaking

सीएम डॉ. मोहन यादव ने बनाए मिट्टी के दीये, वोकल फॉर लोकल का संदेश दिया

Spread the love

सीएम डॉ. मोहन यादव ने आज चाक पर मिट्टी के दीये बनाए। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मिट्टी के खिलौने और कलाकृतियाँ बनाने वाले कारीगरों से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने कारीगरों के साथ मिलकर मिट्टी के दीये बनाए। इसी के साथ उन्होने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” के आह्वान को दोहराते हुए अपने क्षेत्र में बने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों का उपयोग करना न केवल हमारी संस्कृति को सहेजने में मदद करता है, बल्कि आर्थिक समृद्धि में भी योगदान देता है। उन्होंने कहा कि ‘हमारा यह प्रयास पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय कला और संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम साबित होगा। हम सभी को अपने स्थानीय उत्पादों और कारीगरों का समर्थन करना चाहिए, जिससे न केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित किया जा सके, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाया जा सके।’

मुख्यमंत्री ने बनाए मिट्टी के दीये
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिवाली से पहले आज राजधानी में मिट्टी के खिलौने और कलाकृतियाँ बनाने वाले कारीगरों से मुलाकात की। इसी के साथ उन्होंने स्वयं भी मिट्टी के दीये बनाए। आज भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में “जलवायु परिवर्तन के लिए वैश्विक प्रयास: भारत की प्रतिबद्धता में राज्यों का योगदान” विषय पर आयोजित सम्मेलन में ये कलाकार भी शामिल हुए थे और यहीं सीएम ने उनसे मुलाकात की। ये देश के पहले राज्य-स्तरीय Pre-CoP जलवायु परामर्श सम्मेलन है जहां 200 से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय क्लाइमेट लीडर्स, पर्यावरण विशेषज्ञ और प्रतिनिधि जलवायु परिवर्तन से संबंधित विषयों पर विमर्श कर रहे हैं। विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों के विचार-विमर्श का उद्देश्य नवीनतम तकनीकी नवाचारों, नीति सुधारों और सामुदायिक प्रयासों के माध्यम से राज्य स्तर पर जलवायु अनुकूल उपायों को बढ़ावा देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *