ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरना जारी
जबलपुर: सफाई कर्मियों के शोषण के खिलाफ नगर निगम में भारी विरोध, पूर्व विधायक विनय सक्सेना ने दिया धरना
जबलपुर: शहर की सफाई व्यवस्था को संभालने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए मंगलवार को नगर निगम में जबरदस्त प्रदर्शन किया गया। पूर्व विधायक विनय सक्सेना के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रमिक जनसुनवाई कक्ष पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर वहीं धरने पर बैठ गए। विनय सक्सेना ने निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अफसरों और ठेकेदारों की मिलीभगत की वजह से गरीब मजदूरों का आर्थिक और शारीरिक शोषण किया जा रहा है।
श्रम कानूनों की अनदेखी और वेतन में कटौती के आरोप
निगम आयुक्त को सौंपे गए सात सूत्रीय मांग पत्र में श्रमिकों की दयनीय स्थिति का खुलासा किया गया है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ठेका पद्धति के तहत काम करने वाले सफाई कर्मियों को बुनियादी सुविधाएं भी नहीं दी जा रही हैं। उन्हें काम के दौरान जरूरी सुरक्षा उपकरण जैसे मास्क, दस्ताने, जूते और यहां तक कि झाड़ू भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
सबसे बड़ा मुद्दा वेतन विसंगति का है। नियमों के अनुसार कलेक्टर दर पर भुगतान होना चाहिए, लेकिन आरोप है कि कर्मचारियों को मात्र 250 रुपये प्रतिदिन की दिहाड़ी दी जा रही है। साथ ही पीएफ और बीमा जैसी अनिवार्य सुविधाओं का लाभ भी उन्हें नहीं मिल रहा है। पूर्व विधायक ने बताया कि निगम से ठेकेदार को 30 दिन का पूरा पैसा मिलता है, लेकिन वह मजदूरों को केवल 26 दिन का भुगतान कर रहा है।
तीन दिन का मिला आश्वासन, चेतावनी भी जारी
धरना प्रदर्शन के दौरान गढ़ा क्षेत्र के एक श्रमिक की व्यथा भी सामने आई, जो पिछले डेढ़ साल से अपने रुके हुए वेतन के लिए भटक रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि तीन दिनों के भीतर पूरे मामले की जांच की जाएगी और सभी विसंगतियों को दूर कर दिया जाएगा।
हालांकि, पूर्व विधायक विनय सक्सेना ने साफ चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में सफाई कर्मियों को उनका हक नहीं मिला और शोषण बंद नहीं हुआ, तो इस आंदोलन को और उग्र किया जाएगा और इसकी गूंज भोपाल से लेकर दिल्ली तक सुनाई देगी।
ये कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस प्रदर्शन में राजेंद्र सराफ रज्जू, संजय उपाध्याय, सिद्धांत जैन गोलू, मेवालाल पटैल, सौरभ रैकवार, अल्केश गुप्ता, एड. आकाश तिवारी सहित कलीम खान, जाकिर खान और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व श्रमिक संगठन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कोटा लागू करने पर टकराव: कांग्रेस का केंद्र सरकार पर बड़ा प्रहार
Saurabh Bharadwaj के आरोपों से मचा बवाल, Raghav Chadha पर उठे सवाल
वैश्विक संकट का असर: 60% महंगा तारकोल, निर्माण कार्य अधर में
सीमा तनाव के बीच बड़ी मुलाकात, बिश्केक में आमने-सामने आए भारत-चीन रक्षा मंत्री
क्रिकेट टैलेंट को मिलेगा नया मंच, सुविधाओं से लैस अकादमियां शुरू
बंगाल-तमिलनाडु में सियासी संग्राम, पकड़ मजबूत करने में जुटी BJP