भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा के दिग्गज नेता  प्रख्यात कवि सत्यनारायण सत्तन की बेटी कनु प्रिया कांग्रेस में शामिल हो गई है। मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक और महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अर्चना जायसवाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। कांग्रेस का दामन थामने के बाद उन्होंने पीसीसी चीफ जीतू पटवारी से मुलाकात की। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पर कनु प्रिया के कांग्रेस में शामिल होने की जानकारी दी। एमपी कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, ‘प्रख्यात कवि एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख नेता रहे सत्यनारायण सत्तन जी की पुत्री कनु प्रिया जी ने मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक एवं महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अर्चना जायसवाल की  उपस्थिति में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। तत्पश्चात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी जी ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कनु प्रिया  का कांग्रेस परिवार में अभिनंदन किया ।

भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक और मध्य प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग निगम के पूर्व अध्यक्ष की पुत्री का  कांग्रेस में शामिल होना  सियासत में खासी चर्चा बन गया है। क्योंकि सत्यनारायण सतन लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े होकर  इंदौर की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। वे  प्रसिद्ध राष्ट्रीय कवि के रूप में भी जाने जाते हैं। कनुप्रिया सत्तन ने पिछले दिनों कहा था कि वे कांग्रेस पार्टी के आदर्शों  एवं इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व  से प्रभावित हैं। उन्होंने भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, जहां पार्टी के स्थानीय नेता मौजूद थे। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी सरगर्मियां चरम पर हैं।