डमी अभ्यर्थियों के जरिए परीक्षा दिलाने का आरोप
जयपुर|विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की वरिष्ठ अध्यापक (द्वितीय श्रेणी) प्रतियोगी परीक्षा-2022 में डमी परीक्षार्थियों के जरिए चयन कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए अंडमान-निकोबार, कोलकाता, जयपुर, कोटा और जालौर सहित छह स्थानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई में 10-10 हजार रुपये के इनामी पांच डमी परीक्षार्थियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक संदिग्ध एमबीबीएस छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन एमबीबीएस छात्र और दो राजकीय शिक्षक शामिल हैं।मामला राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) द्वितीय श्रेणी प्रतियोगी परीक्षा-2022 से जुड़ा है। 24 दिसंबर 2022 को सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान तथा विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की गई थी, लेकिन सामान्य ज्ञान का प्रश्नपत्र लीक होने के कारण परीक्षा निरस्त कर 29 जनवरी 2023 को पुनः आयोजित करनी पड़ी। इसी परीक्षा में कुछ अभ्यर्थियों द्वारा डमी कैंडिडेट बैठाकर चयन प्राप्त करने की शिकायत मिलने पर एसओजी में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच में सामने आया कि अभ्यर्थियों ने लाखों रुपये देकर मेडिकल छात्रों और शिक्षकों को अपने स्थान पर परीक्षा में बैठाया। एसओजी के सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल फोटोग्राफ के आधार पर डमी परीक्षार्थियों की पहचान करना था। इसके लिए विशेष सॉफ्टवेयर के माध्यम से अभ्यर्थियों के फोटो और डाटा का मिलान किया गया तथा तकनीकी विश्लेषण और फील्ड इंटेलिजेंस के जरिए आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई।गिरफ्तार आरोपियों में महेश कुमार बिश्नोई (एमबीबीएस छात्र, जयपुर) ने तीन लाख रुपये लेकर उदयपुर में विज्ञान विषय की परीक्षा दी। महिपाल बिश्नोई (एमबीबीएस छात्र, कोटा) ने पांच लाख रुपये में कोटा केंद्र पर परीक्षा दी। सही राम (एमबीबीएस छात्र, पोर्ट ब्लेयर) ने तीन लाख रुपये लेकर उदयपुर में परीक्षा दी। वहीं हनुमाना राम और निवास कुराडा, दोनों राजकीय शिक्षक, ने पांच-पांच लाख रुपये लेकर सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान विषय की परीक्षा दी। एक अन्य संदिग्ध एमबीबीएस छात्र प्रिंस को कोलकाता से हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कुछ मूल अभ्यर्थी फिलहाल फरार बताए गए हैं।एसओजी के अनुसार अब तक इस मामले में 12 मूल अभ्यर्थी, 9 डमी परीक्षार्थी और 5 मध्यस्थ सहित कुल 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार सभी डमी परीक्षार्थियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। जांच एजेंसी आरोपियों की शैक्षणिक डिग्री, वर्तमान नियुक्ति और पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

राशिफल 15 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित
खरीफ पूर्व तैयारी : राजनांदगांव में खाद वितरण तेज, वैकल्पिक उर्वरकों की ओर बढ़ा किसानों का रुझान
सहकारिता मंत्री सारंग ने चांदबड़ में किया "संपर्क अभियान 2026" का शुभारंभ
राज्यमंत्री गौर शुक्रवार को करेंगी ‘शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना’ का शुभारंभ, मप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. कुसमरिया भी होंगे शामिल
स्काउट्स-गाइड्स बनेंगे युवा दूत मासिक धर्म स्वच्छता और लैंगिक समानता पर टूटेगी चुप्पी
धुरागांव सुशासन तिहार: समाधान के साथ हितग्राहियों को मिली खुशियां
फ्रांस की धरती पर चमकेगा एमपी का हुनर — खुशी दाभाडे करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
सड़क, पुल, एक्सप्रेसवे, डिजिटल तकनीक से मध्यप्रदेश में अधोसंरचना विकास को मिल रही नई गति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव से छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय शूटर दिव्यांशु ने की मुलाकात