महाराष्ट्र। के बीड जिले के केज तालुका से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, यहां हाई वोल्टेज बिजली के तार चुराने की कोशिश में पूरा टॉवर गिरने से दो चोरों की मौके पर ही मौत हो गई. चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के बाद अन्य साथियों ने दुर्घटना का नाटक रचकर शवों को परभणी ले गए, लेकिन वहां जाने के बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, पुणे से पांच लोगों का एक गिरोह केज तालुका के नांदूर घाट शिवर में तार चुराने के उद्देश्य से आया था. शनिवार की रात को ये चोर हाई वोल्टेज टॉवर पर चढ़ गए और तार काटने का काम शुरू कर दिया. हालांकि, इसी दौरान टॉवर जमीन पर गिर गया. इस भीषण दुर्घटना में अविनाश पाटोले और आकाश आडे नामक दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

सड़क हादसे का नाटक कर शव छोड़ फरार हुए साथी

घटना के बाद घबराए अन्य तीन साथियों (आकाश पेठे, दीपक भगत और वैभव आदत) ने पुलिस से बचने के लिए एक तरकीब निकाली. उन्होंने इन मौतों को 'सड़क दुर्घटना' का रूप देने की कोशिश की. दोनों शवों को एक कार में डालकर उन्होंने सीधे परभणी का रुख किया. परभणी पहुंचने के बाद, तीनों साथी शवों को गाड़ी में छोड़कर वहां से भाग गए। जब गाड़ी के ड्राइवर ने एम्बुलेंस की मदद से शवों को अस्पताल में भर्ती कराने की कोशिश की तो मृतकों के रिश्तेदारों को इस घटना की जानकारी मिली. रिश्तेदारों ने पूछताछ की और पुलिस ने जांच शुरू की, जिसके बाद चोरी का यह चौंकाने वाला मामला सामने आया।

फरार आरोपियों की तलाश कर रही है पुलिस

इस घटना की जानकारी मिलते ही परभणी और केज पुलिस ने तुरंत घटनास्थल का दौरा किया और पंचनामा किया. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि टॉवर कैसे गिरा और क्या इस गिरोह का जाल कहीं और भी फैला हुआ है. फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है और इस घटना से बीड और परभणी जिले में हड़कंप मच गया है।