सुपौल में नया बस पड़ाव जल्द बनेगा, बायपास प्रोजेक्ट फिलहाल ठंडे बस्ते में
सुपौल।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुपौल दौरे के बाद जिला प्रशासन ने विकास योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी है। जिलाधिकारी सावन कुमार ने मंगलवार शाम कार्यालय वेश्म में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि सुपौल जिला मुख्यालय में बस पड़ाव निर्माण के लिए अगले एक सप्ताह में निविदा (टेंडर) जारी की जाएगी, जबकि सुपौल में प्रस्तावित नए बायपास का निर्माण फिलहाल नहीं होगा।
मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण
डीएम ने बताया कि समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्मली प्रखंड पहुंचकर निर्मली रिंग बांध के मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्य का उद्घाटन किया और मौके पर जाकर स्थल का निरीक्षण भी किया। इसके साथ ही अनुमंडल कार्यालय निर्मली के सामने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास योजनाओं के स्टॉलों का भी अवलोकन किया।
कुल 84 योजनाओं का शिलान्यास'
उन्होंने बताया कि इस दौरान मुख्यमंत्री ने सुपौल जिले में कुल 84 योजनाओं का शिलान्यास (करीब 435 करोड़ रुपये) और 129 योजनाओं का उद्घाटन (करीब 135 करोड़ रुपये) किया। कार्यक्रम में जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी और कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी कर्मियों और जिलेवासियों को धन्यवाद दिया। वहीं, जिले के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
प्रगति यात्रा में हुई थी बायपास और बस पड़ाव की घोषणा
डीएम ने बताया कि 20 जनवरी 2025 को प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुपौल, पिपरा और त्रिवेणीगंज में बायपास निर्माण की घोषणा की थी। इसके साथ ही सुपौल में बस पड़ाव सहित कई अन्य योजनाओं की भी घोषणा की गई थी। हालांकि अब पिपरा और त्रिवेणीगंज बायपास को राष्ट्रीय राजमार्ग 327ई में समायोजित कर लिया गया है, जिसके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।
हवाई अड्डे के विस्तार के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी
प्रेसवार्ता में जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि जिले में कई विकास योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तपुर और त्रिवेणीगंज में सुरसर नदी के चैनलाइजेशन तथा क्षतिग्रस्त तटबंधों की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं वीरपुर में निबंधन कार्यालय चालू हो चुका है और इसके लिए नए भवन निर्माण को भी स्वीकृति मिल गई है। इसके अलावा सुपौल इंडोर स्टेडियम के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का काम जारी है, जबकि बाबा तिलहेश्वरनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण के साथ मंदिर से सुखपुर बाजार तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी प्रगति पर है। साथ ही वीरपुर में हवाई अड्डे के विस्तार के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। डीएम ने कहा कि प्रशासन इन सभी योजनाओं को तेजी से पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

कंबाइन हार्वेस्टरों को मिलेगी टोल से छूट : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मसाला क्षेत्र विस्तार योजना: मसाले की खेती ओर बढ़ रहा किसानों का रूझान
पश्चिम एशियाई संकट के बीच उर्वरक आपूर्ति सुनिश्चित करने में जुटी सरकार
वर्तमान समय जनजातीय समाज के विकास का अभूतपूर्व काल- राज्यपाल पटेल
धर्म नगरी वाराणसी में 3 से 5 अप्रैल तक होगा महानाट्य सम्राट विक्रमादित्य का ऐतिहासिक मंचन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
CISF Constable Recruitment Dispute: Supreme Court Dismisses Central Government's Petition
नई शराब नीति: पारदर्शी लाइसेंसिंग से बढ़ी प्रतिस्पर्धा और राजस्व
लोकसभा सीटों में इजाफा बना बहस का मुद्दा, उत्तर को लाभ तो दक्षिण को नुकसान?
MP हाईकोर्ट ने दिखाई सख्ती, रिश्वत मामले में डॉक्टर को लगाई फटकार