न्यूज़ राजस्थान अजमेर। जिले के किशनगढ़ क्षेत्र के कांग्रेसी विधायक डॉ. विकास चौधरी के छोटे भाई मनोज के विवाह का आशीर्वाद समारोह एवं प्रीतिभोज 12 फरवरी को किशनगढ़ टोल प्लाजा के किट राधिके रिसोर्ट में हुआ। विधायक चौधरी ने समारोह में किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश लोगों को आमंत्रित किया। यही वजह रही कि रिसोर्ट के खुले मैदान में दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही। जो भी नेता आया वह भीड़ देखकर खुश हुआ। कई नेताओं ने तो स्वयं और भीड़ के वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किए । ऐसा लग रहा था कि इस शादी समारोह में शामिल होकर नेता स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे थे । भीड़ को देखकर खुद विधायक चौधरी भी गदगद नजर आए। उनका पूरा प्रयास रहा कि आने वाले सभी लोगों से व्यक्तिगत तौर पर मुलाकात की जाए, लेकिन जब किसी बड़े नेता का आगमन हुआ तो विधायक चौधरी का सारा ध्यान नेता की आवभगत में ही लगा रहा। चूंकि विधायक चौधरी जाट समुदाय से आते हैं, इसलिए राजस्थान भर के जाट समुदाय के सांसद, विधायक, मंत्री और बड़े नेता शादी समारोह में शामिल हुए। समारोह में भाजपा और कांग्रेस का राजनीतिक भेद ही मिट गया। समारोह में जहां राजस्थान भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतीश पूनिया शामिल हुए तो कांग्रेस की पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा भी उपस्थित रही। प्रदेश के अधिकांश विधायक और मंत्री शादी समारोह में शामिल रहे। अजमेर के सांसद और केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी के पुत्र सुभाष चौधरी ने भी भाग लिया। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट आदि तमाम नेता समारोह में आए। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने तो मंच पर ही अपना गमछा हिलाकर लोगों का मनोरंजन किया । माना जा सकता है कि विधायक चौधरी ने अपने भाई की शादी के समारोह में अपना राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन भी किया। चूंकि विधायक चौधरी ग्रामीण पृष्ठभूमि के हैं, इसलिए परंपरा के अनुरूप समारोह स्थल पर अनेक व्यवस्थाएं की गई। जानकारी के मुताबिक प्रदेश के करीब 125 विधायकों ने शादी समारोह में भाग लिया। शादी समारोह में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और पूर्व सीएम अशोक गहलोत भी शामिल हुए। दोनों एक ही समय पर आए इसलिए दोनों ने एक साथ बैठकर चाय नाश्ता किया। चाय नाश्ते की टेबल पर दोनों ने गुफ्तगू भी की। यह गुफ्तगू अब राजनीतिक क्षेत्रों में चर्चा का विषय बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि धनखड़ पूर्व में किशनगढ़ से विधायक भी रह चुके हैं, इसलिए किशनगढ़ के लोगों से धनखड़ ने आत्मीय मुलाकात भी की।  रिसोर्ट में 40 हजार से ज्यादा लोगों ने जीमण किया। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पुत्र सांसद दीपेंद्र  हुड्डा  चार्टर प्लेन लेकर शादी समारोह में शामिल हुए। इसी प्रकार राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भी समारोह में शिरकत की। पूर्व सीएम अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत, आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ ने भी शुभकामनाएं दी।